रांची। इजराइल जाने वाली महिला किसानों ने मुख्यमंत्री रघुवर दास से रविवार को मुलाकात की। उन्नत खेती के गुर सीखने के लिए झारखंड सरकार 24 महिला किसानों को इजराइल भेज रही है। सोमवार को रामगढ़ की उपायुक्त राजेश्वरी बी के नेतृत्व में महिला किसानों की टीम इस यात्रा पर रवाना होगी। उन्नत खेती के गुर सीखने के लिए झारखंड से इजराइल जा रही इन महिला किसानों से मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि नयी तकनीक सीख कर झारखंड में कृषि क्रांति की अगुआ बनेंगी।
सीएम ने कहा कि महिला किसानों का उत्साह और जोश को देखकर उत्साहित हूं। अब झारखंड को आने वाले समय में आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का साफ मानना है कि अगर देश को आगे बढ़ाना है, तो महिलाओं को आगे बढ़ाना होगा। किसानों की मेहनत का नतीजा है कि चार साल में झारखंड ने कृषि विकास दर लंबी छलांग लगायी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इजराइल में बच्चों की तरह जिज्ञासु बनकर घूमें। मन में जो भी प्रश्न आये, जरूर पूछें। को-आपरेटिव फार्मिंग के बारे में अच्छे से समझें। झारखंड में हमें इसे बढ़ावा देना है। किसानों को इजराइल भेजने का उद्देश्य यही है कि दुनिया में जैविक खेती की मांग बहुत है। हमें जैविक खेती की तरफ फोकस करना है।
इतने वर्षों तक सिर्फ नारे और वादे
सीएम ने कहा कि इतने वर्षों तक लोगों ने सिर्फ नारे दिये, वादे दिये, लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं किया। अब तक लोगों को गुमराह किया गया।
पूरा गांव आया महिलाओं को छोड़ने
बैठक में महिलाओं ने इजराइल भेजने के लिए मुख्यमंत्री को विशेष तौर पर धन्यवाद दिया। इसमें से अधिकतर महिलाएं इससे पहले गांव से बाहर निकलकर रांची भी नहीं आयी थीं। गांव के लोग भी उत्साहित थे। पूरा गांव उन्हें छोड़ने बस स्टैंड तक आया था।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक के दौरान कृषि मंत्री रणधीर सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल, कृषि सचिव पूजा सिंघल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।