बुलंदशहर : यूपी के बुलंदशहर हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज को आखिरकार पुलिस ने ठीक 31 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि बजरंग दल का जिला संयोजक योगेश राज घटना वाले दिन से ही फरार था। योगेश की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी। योगेश पर हिंसा भड़काने का आरोप है।
योगेश राज को देर रात बुलंदशहर की बीबीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। योगेश खुर्जा से बुलंदशहर आते समय ब्रह्मानन्द कॉलेज के पास से पकड़ा गया। इससे पहले योगेश राज की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर यूपी पुलिस पर सवाल उठ रहे थे। यह भी कहा जा रहा था कि पुलिस योगेश राज को क्लीन चिट देने की तैयारी कर रही थी। इससे पहले पुलिस ने इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या के मामले में प्रशांत नट और कलुआ को गिरफ्तार किया था, लेकिन पुलिस द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोपी नंबर एक योगेश राज था।
अब तक 31 आरोपियों की गिरफ्तारी
योगेश के अलावा बीजेवाईएम का पूर्व स्याना नगर अध्यक्ष शिखर अग्रवाल भी मामले में आरोपी है, जिसे कोर्ट से 30 दिन की सुरक्षा मिली हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रटेक्शन पूरी होते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों ने हिंसा के बाद विडियो के जरिए खुद को बेगुनाह बताया था। उनकी विडियो क्लिप काफी सर्क्युलेट हुई थी। बताया जा रहा है एसएसपी दोपहर तक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके खुलासा कर सकते हैं। पुलिस अब तक बुलंदशहर हिंसा के 31 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।