रांची। झारखंड में बढ़ते कार्यों को देखकर केंद्र सरकार ने राज्य का आग्रह मान लिया है और झारखंड कैडर में आइएएस अधिकारियों की संख्या को पहले से नौ और बढ़ा दिया है। पूर्व में झारखंड कैडर में 215 आइएएस अधिकारियों की सेवा दी गई थी, जिसे बढ़ाकर 224 कर दिया गया है।

झारखंड सरकार ने कम से कम छह और आइएएस अधिकारी बढ़ाने की मांग की थी। नई बढ़ोतरी के बाद झारखंड में सीनियर ड्यूटी पोस्ट 122 होंगे, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर 48 अधिकारी होंगे, स्टेट प्रतिनियुक्ति 30 अधिकारियों की होगी। प्रशिक्षण के लिए आरक्षित अधिकारियों की संख्या चार होगी, जबकि कनीय पदों के लिए 20 पद आरक्षित होंगे।

झारखंड में सीनियर ड्यूटी पोस्ट में मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, राजस्व पर्षद के सदस्य, श्रीकृष्ण लोक प्रशासन केंद्र के महानिदेशक, छह प्रधान सचिव, एक राज्यपाल और एक मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, एक मुख्य निर्वाचन आयुक्त, एक कृषि विभाग के प्रधान सचिव, पांच कमिश्नर और 22 विभागीय सचिव शामिल हैं। इसके अलावा 22 विशेष सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव स्तर के पद हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version