नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू प्रशासन ने कथित तौर पर विश्वविद्यालय छात्र संघ के नाम पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर बीबीसी की दुष्प्रचार ‘डॉक्यूमेंट्री’ दिखाने का प्रयास करने वाले छात्रों को सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि संबंधित छात्र इस कार्यक्रम को स्थगित करें नहीं तो उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जेएनयू प्रशासन की ओर से इस संबंध में एक एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि जेएनयूएसयू के नाम पर ‘इंडिया-द मोदी क्वेश्चन’ डॉक्यूमेंट्री दिखाने के पेंफलेट वितरित किए गए हैं। इसके लिए पहले से कोई अनुमति नहीं ली गई है। इसका मकसद विश्वविद्यालय कैंपस परिसर का माहौल खराब करना है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में बीबीसी ने गुजरात दंगों पर एक डॉक्यूमेंट्री रिलीज की है। डॉक्यूमेंट्री भारत में जारी नहीं की गई है। इसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। इस डॉक्यूमेंट्री को भारत सरकार सोशल मीडिया पर प्रतिबंधित कर चुकी है। विदेश मंत्रालय ने इसे औपनिवेशिक मानसिकता से प्रेरित दुष्प्रचार करार दिया है।