एजेंसी
देहरादून। टीम इंडिया के विकेटकीपर-बैटर ऋषभ पंत के लिए अच्छी खबर नहीं है। एक्सीडेंट के बाद पंत का इलाज देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल में चल रहा है। हॉस्पिटल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऋषभ पंत के घुटने में गंभीर चोट है। क्लीनिकल मेडिकल एग्जामनेशन के बाद ऋषभ के घुटने के चार में से तीन लिगामेंट टूटे हुए लग रहे हैं। हालांकि, लिगामेंट की वास्तविक स्थिति का पता एमआरआइ रिपोर्ट से ही चलेगा। पंत के फोरहेड यानी माथे पर जो गंभीर जख्म थे, उनकी सर्जरी हो चुकी है। हालांकि इस बात की आशंका बनी हुई है कि दिल्ली कैपिटल्स का यह अहम प्लेयर आइपीएल 2023 में खेल सकेगा या नहीं। शनिवार को दिल्ली से देहरादून जाते समय पंत की कार का एक्सीडेंट हो गया था।
लंदन से मिलने आयी बहन साक्षी
एक्सीडेंट के बाद पंत की बहन साक्षी लंदन से उनका हाल जानने मैक्स हास्पिटल पहुंचीं। अस्पताल में उनकी मां सरोज पंत, बहन साक्षी और साथी नितीश राणा हैं। डीडीसीए के निदेशक श्याम शर्मा, बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर और अनुपम खेर भी ऋषभ से मिलने मैक्स हॉस्पिटल पहुंचे थे।
हाइवे के गड्ढे हादसे की वजह : धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को मैक्स हॉस्पिटल पहुंचे और पंत की सेहत के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने हॉस्पिटल स्टाफ से भी लंबी बातचीत की। बाद में कहा- एक्सीडेंट हाइवे पर मौजूद गड्ढे की वजह से हुआ।
डीडीसीए की अपील-अस्पताल न जायें
डीडीसीए के डायरेक्टर श्याम शर्मा ने पंत के फैंस और बाकी लोगों से एक अपील की। कहा- ऋषभ से मिलने जाने से बचें। इससे संक्रमण का खतरा है। उनकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है और हम उनकी हेल्थ अपडेट्स पर लगातार नजर बनाये हुए हैं। जय शाह खुद उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं।