-धारा 144 के मामले में सबसे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर दर्ज हो मुकदमा
-सीआरपीएफ अधिकारी अपनी ड्यूटी कर रहे थे
-कुछ भ्रष्ट अधिकारी और भाड़े के लोग माहौल को अशांत करना चाहते थे
रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शिबू सोरेन परिवार और इंडि गठबंधन पर निशाना साधा है। मंगलवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सत्तारूढ़ झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार करप्शन में लिप्त है। करप्शन केस की जांच से बचने को यह सरकार लगातार भागती फिर रही है। इसका सामना करने के बजाये हेमंत सोरेन भाजपा व केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हैं। दायें, बायें की बात करते हैं।  22 जनवरी को दिल्ली हाइकोर्ट ने सोरेन परिवार के बारे में महत्वपूर्ण निर्णय दिया, सांसद निशिकांत दुबे ने 2020 में लोकपाल के पास सोरेन परिवार की संपत्ति अर्जित किये जाने के मामले की जांच के लिए लिखा था। लोकपाल के स्तर से प्रक्रिया आरंभ होने और पूछताछ के खतरे के बीच सोरेन परिवार जांच रोकने को दिल्ली हाइकोर्ट गया, जांच का सामना करने के बजाये मामले को जानबूझकर डिले कराने की मंशा थी जो 22 जनवरी के निर्णय के बाद फेल हो गयी। अंतत: करप्ट सरकार का ठिकाना होटवार जेल ही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, झामुमो, राजद का भ्रष्टाचार से पुराना नाता है। ये भ्रष्टाचार भी करते हैं और इसकी सजा से बचने के लिए तरह तरह की तिकड़म भी करते हैं। ये बीजेपी पर आरोप लगाते हैं लेकिन जांच से भागते हैं। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन परिवार बोलता है कि लोकपाल का मामला पुराना है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या कोई चोर पांच दस साल बाद पकड़ा जायेगा तो क्या उस पर मुकदमा दर्ज नहीं होगा?

धारा 144 मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर दर्ज हो मुकदमा
इडी द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास में हुई पूछताछ के दिन सीएम आवास के 500 मीटर के दायरे में लगे धारा 144 के उल्लंघन मामले में सीआरपीएफ अधिकारी पर हुए मुकदमे पर सवाल खड़ा करते हुए श्री मरांडी ने कहा कि इस मामले में सबसे बड़ा दोषी तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं जो धारा 144 के बीच गाड़ी पर खड़ा होकर भीड़ को संबोधित कर रहे थे। सबसे पहले तो उन्हीं पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ अधिकारी तो अपनी ड्यूटी कर रहे थे। जिस प्रकार सीएम से पूछताछ के दौरान तीर धनुष, हथियार के साथ भाड़े के लोग मुख्यमंत्री आवास के बाहर खड़े थे उससे इडी के अधिकारियों की सुरक्षा सचमुच संदेहास्पद थी। आखिर क्यों इतने लोगों को पूछताछ के दिन बुलाया था। कुछ अधिकारियों को माहौल बिगाड़ने के लिए टूल्स बनाया गया था। मुख्यमंत्री बतायें कि कितने लोगों पर मुकदमे दर्ज हुए। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन लाख हथकंडा अपना लें बच नहीं सकते। ऐसे भ्रष्ट लोगों की जगह होटवार जेल में ही है। उन्होंने कहा कि अगर भ्रष्टाचारी लुटेरे इसी प्रकार सत्ता पर काबिज होते रहे तो जनता को लोकतंत्र से भरोसा उठ जायेगा। जिन्होंने जनता की गाढ़ी कमाई लूटी है उन्हें हर हाल में सजा मिलनी चाहिए। श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा का भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। जब तक भ्रष्टाचारियों को सजा नहीं मिल जाती भाजपा चैन से नहीं बैठेगी। एक दिन भ्रष्टाचारियों को होटवार जाना ही पड़ेगा। इस मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version