रांची। झारखंड के आइपीएस अधिकारियों को प्रमोशन मिलने के बाद साल के पहले ही दिन झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता के द्वारा बैच लगा कर उन्हें सम्मानित किया गया है। 31 दिसंबर 2024 को झारखंड पुलिस के 9 आइपीएस अधिकारियों को प्रमोशन मिला था। साल के पहले दिन झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता के द्वारा नव प्रोन्नत पुलिस महानिरीक्षक अनूप बिरथरे, पटेल मयूर कन्हैया लाल, पुलिस उप-महानिरीक्षक चंदन कुमार झा और पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा को बैच लगाकर सम्मानित किया गया।
मंगलवार को मिला था प्रमोशन
आपको बता दे की मंगलवार को राज्य सरकार ने 9 आइपीएस में से तीन को आईजी रैंक जबकि छह को डीआईजी रैंक में प्रमोशन दिया था। रांची के डीआइजी अनूप बिरथरे को आइजी रैंक में प्रोन्नति के बाद झारखंड एसटीएफ में आइजी बनाया गया है। वहीं हजारीबाग के डीआइजी सुनील भास्कर को पलामू आइजी के पद पर पदस्थापित किया गया है। प्रोन्नति के बाद जैप के डीआइजी पटेल मयूर कन्हैयालाल को आइजी मानवाधिकार के पद पर पदस्थापित किया गया है।
रांची एसएसपी और देवघर एसपी को प्रोन्नति
वहीं, राज्य सरकार के द्वारा डीआईजी रैंक में छह अधिकारियों को प्रोन्नति दी गयी है। देवघर के एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग को डीआइजी रैंक में प्रोन्नति मिली है, लेकिन उनकी तैनाती तक देवघर एसपी के पद को डीआइजी रैंक में उत्क्रमित किया गया है। रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा भी डीआइजी रैंक में प्रोन्नत हुए हैं। उनकी प्रोन्नति के बाद रांची एसएसपी के पद को उत्क्रमित किया गया है। डीआइजी रैंक में प्रोन्नत होने वाले आइपीएस चंदन झा को डीआइजी एसआइबी, प्रियदर्शी आलोक को डीआइजी रेल, अनुरंजन किस्पोट्टा को डीआइजी स्पेशल ब्रांच, अंबर लकड़ा को डीआइजी दुमका के पद पर पदस्थापित किया गया है।
इन अधिकारियों का भी हुआ है तबादला
राज्य सरकार ने पलामू आइजी नरेंद्र कुमार सिंह को आइजी रेल, विशेष शाखा के डीआइजी कार्तिक एस को डीआइजी जैप, दुमका डीआइजी संजीव कुमार को डीआइजी हजारीबाग के पद पर पदस्थापित किया है। वहीं धनबाद एसएसपी ह्रिदीप पी जनार्दनन को जैप 3 के कमांडेंट का अतिरिक्त प्रभार दिया है।