हेमंत आज करेंगे तीन लाख मंईयां का सम्मान
56 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में आयेंगे पांच हजार रुपये
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को राज्य भर से आयीं करीब तीन लाख मंईयां का सम्मान करेंगे। इसके लिए नामकुम के खोजाटोली में राज्यस्तरीय समारोह का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य भर की करीब 56 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में एकमुश्त पांच-पांच हजार रुपये भेजे जायेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर लाभुकों और आम लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। राजधानी रांची की सड़कों को होर्डिंग, बैनरों और पोस्टरों से पाट दिया गया है। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव से पहले मंईयां सम्मान योजना के तहत मिलनेवाली राशि को एक हजार से बढ़ा कर ढाई हजार रुपये करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि बढ़ी हुई रकम दिसंबर से लाभुकों के खाते में भेजी जायेगी। पहले यह कार्यक्रम 28 दिसंबर को होना था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन के बाद घोषित राजकीय शोक के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। अब दिसंबर और जनवरी माह की राशि एक साथ लाभुकों के खाते में भेजी जायेगी। जानकारी के अनुसार जिन महिलाओं के खाते में पैसा दिसंबर में नहीं गया, उनके खाते में छह जनवरी को एक साथ पांच हजार रुपये जायेंगे।
नामकुम में तैयारियां पूरी
मंईयां सम्मान कार्यक्रम के लिए नामकुम में भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए पूरी तैयारी की गयी है। इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। इस कार्यक्रम में राज्य के 24 जिलों से करीब तीन से चार लाख लाभुकों के रांची पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। लाभुकों के आगमन से लेकर उनकी सुख-सुविधा का पूरा इंतजाम किया गया है। सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किये गये हैं। वैसी लाभुकों की सूची तैयार की गयी है, जिन्हें प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री राशि हस्तांतरित करेंगे। समारोह स्थल की व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है। रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने रविवार को समारोह स्थल का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिये। लाभुकों को लेकर आनेवाले वाहनों का रूट चार्ट निर्धारित कर दिया गया है। वीवीआइपी और वीआइपी वाहन सदाबहार चौक नामकुम से होते हुए कार्यक्रम स्थल में पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल के पास अलग-अलग पार्किंग जोन बनाये गये हैं, जहां बस समेत अन्य वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान कार्यक्रम को लेकर यह है ट्रैफिक व्यवस्था
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर सोमवार को आयोजित होनेवाले कार्यक्रम के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि अगर कोई जरूरी काम न हो, तो नामकुम जाने से बचें। रांची के ट्रैफिक एसपी ने ट्रैफिक व्यस्था में बदलाव को लेकर रविवार को आदेश जारी कर दिया है। इसके अनुसार कुछ मार्गों में वाहनो का प्रवेश बंद कर दिया गया है। साथ ही कार्यक्रम में शामिल होने वाले लाभुकों के वाहनों के लिए रूट भी निर्धारित किया है।