रांची। आगामी 9 फरवरी 2025 को होनेवाले कोल इंडिया रांची मैराथन का आधिकारिक निबंधन लिंक https://www.centralcoalfields.in/cilranchimarathon जारी कर दिया गया है। मैराथन में भाग लेने को इच्छुक सभी धावक इसी पोर्टल पर निबंधन करा सकते हैं। निबंधन की प्रक्रिया भी बुधवार से ही शुरू हो गयी, जो 31 जनवरी तक चलेगी। मैराथन से जुड़ी समस्त जानकारियां भी इसी वेबपोर्टल पर उपलब्ध होंगी। पिछले वर्ष भाग लेनेवाले लगभग 8000 धावकों को एसएमए द्वारा निबंधन की प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाई जा रही है। निबंधन लिंक का उद्घाटन सीसीएल मुख्यालय में सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह ने किया। इस दौरान डीपी एचएन मिश्र, सीवीओ पंकज कुमार समेत सीसीएल के कई अधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि कि कोल इंडिया रांची मैराथन 2023 के पहले संस्करण 2023 में 5700 और 2024 के दूसरे संस्करण में लगभग 8000 धावकों ने भाग लिया था। कोल इंडिया को आशा है कि इस बार मैराथन में लगभग 10 हजार धावक निबंधन करायेंगे।
पुरस्कार राशि 33.12 लाख से बढ़कर 35.10 लाख हुई
फुल मैराथन, हॉफ मैराथन और 10 किलोमीटर वर्ग में इस वर्ष से आठवां, नौवां और दसवां नंबर पर रहने वाले धावकों को भी पुरस्कृत किया जायेगा। पिछले दो वर्षों से टॉप 7 धावकों को ही पुरस्कृत किया जाता था। इसी कारण कुल पुरस्कार राशि 33.12 लाख से बढ़कर 35.10 लाख रुपये हो गयी है।
निबंधन शुल्क
पूर्व की भांति इस वर्ष भी फुल मैराथन के लिए निबंधन शुल्क 1000 रुपये, हॉफ मैराथन के लिए 750 रुपये, 10 किलोमीटर के लिए 300 रुपये और 5 किलोमीटर की दौड़ के लिए 100 रुपया निबंधन शुल्क रखा गया है। सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि मैराथन की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। हमें आशा है कि पिछले दो वर्षों के अनुभव से सीखते हुए हम तीसरे संस्करण को सफलतापूर्वक आयोजित कर पायेंगे।