रांची। रांची के पंडरा क्षेत्र में शनिवार रात हुई भीषण गोलीबारी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी संजय पांडे सहित चार अन्य सहयोगियों – बबलू, रवि, अज्जू साह को धर दबोचा। सभी आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
यह घटना मान्या टावर के पास सामने आई थी, जहां संदीप और संजय गिरोह के बीच जमकर गोलीबारी हुई। एक विवादित जमीन की बिक्री से प्राप्त पैसे के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों गुटों ने खुली फायरिंग की, जिसमें आकाश, विकास और रवि यादव नामक तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह अपराधी गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और वर्चस्व की लड़ाई में लिप्त था। त्वरित गिरफ्तारियों से पुलिस ने इलाके में सख्त संदेश देने का प्रयास किया है। एसएसपी राकेश रंजन की देखरेख में चल रही यह कार्रवाई अब तक जारी है और अन्य संलग्न लोगों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

