जामताड़ा। जामताड़ा पुलिस ने कैशबैक के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापामारी कर हातिम अंसारी, बिनोद मंडल और नजरूद्दीन अंसारी को धर दबोचा। आरोपियों से 7 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों को Magicpin ऐप के नाम पर फर्जी मैसेज भेजते थे, जिसमें PhonePe में 990 रुपये का कैशबैक दिखाया जाता था। जैसे ही कोई व्यक्ति लालच में आकर इस ऑफर को स्वीकार करता, उसकी राशि सीधे ठगों के Magicpin खाते में ट्रांसफर हो जाती थी। इसके बाद आरोपी इस पैसे से गिफ्ट कार्ड खरीदकर कमीशन पर बेच देते थे। यह पूरा नेटवर्क देशव्यापी स्तर पर सक्रिय था।
आरोपियों के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना में भारतीय दंड संहिता (BNS) 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और दूरसंचार अधिनियम 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी हातिम अंसारी पहले भी साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में आरोपित रह चुका है। पुलिस अधीक्षक जामताड़ा के नेतृत्व में यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है।

