पटना। भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती के अवसर पर बिहार विधान मंडल परिसर में शुक्रवार को राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, विधायक श्याम रजक, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी और पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह में सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती पूजन और बिहार गीतों की प्रस्तुति दी गई। साथ ही, जननायक कर्पूरी ठाकुर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित गीतों ने समारोह का माहौल और भी भावपूर्ण बना दिया।
बिहार विधान मंडल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के बाद देशरत्न मार्ग स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, विधायक श्याम रजक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने यहां भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पार्टी कार्यालय में कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
इस प्रकार, भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर बिहार में उनके योगदान और आदर्शों को याद करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों और श्रद्धांजलियों का आयोजन किया गया।

