रांची। रांची में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी को आस्था, भक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत भव्य शिव बारात का आयोजन किया जाएगा। रांची श्री शिव बारात आयोजन केंद्रीय महासमिति, पहाड़ी मंदिर (मुख्य द्वार) की ओर से आयोजित यह धार्मिक शोभायात्रा शहर के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। शिव बारात की शुरुआत पहाड़ी बाबा के मुख्य द्वार से होगी, जो रांची के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी।
विश्वनाथ मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभ विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजन समिति के संस्थापक नंद किशोर सिंह चंदेल ने जानकारी दी कि इस वर्ष आयोजन को और भव्य बनाने के लिए नई आयोजन समिति की घोषणा भी की जाएगी, जिससे व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके।
शिव बारात के दौरान कानपुर और झारखंड से आए प्रसिद्ध कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। भक्ति नृत्य, धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस आयोजन को खास बनाएंगी। ट्रक और ट्रेलरों पर सजी भव्य झांकियों में शिव-पार्वती, गणेश, नंदी और देवी-देवताओं के जीवंत स्वरूप देखने को मिलेंगे।
हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु शिव बारात में शामिल होकर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करेंगे। रांची में महाशिवरात्रि का यह आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनेगा।

