रांची। झारखंड के बहुचर्चित शराब और जमीन घोटाले में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। मनी लॉन्ड्रिंग और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े इस मामले की जांच कर रही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अब जांच का दायरा और विस्तृत कर दिया है। इसी कड़ी में एसीबी आज बुधवार को विनय चौबे के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) उपेंद्र शर्मा से पूछताछ करेगी।
एसीबी ने सीए उपेंद्र शर्मा को समन जारी कर तलब किया है। पूछताछ के दौरान उनसे विनय चौबे, उनके परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों के बैंक खातों से जुड़े सभी वित्तीय लेन-देन का पूरा विवरण मांगा जाएगा। जांच एजेंसी यह जानना चाहती है कि कथित तौर पर घोटाले से अर्जित अवैध धन को किन रास्तों से खपाया गया।
जांच में सामने आया है कि विनय चौबे ने शराब और जमीन घोटाले से प्राप्त काली कमाई को छिपाने के लिए रिश्तेदारों के बैंक खातों, शेल कंपनियों और रियल एस्टेट में निवेश का सहारा लिया। एसीबी यह भी जांच कर रही है कि घोषित आय की तुलना में वास्तविक संपत्तियां कहीं अधिक तो नहीं हैं।
पूछताछ के दौरान सीए की भूमिका पर विशेष ध्यान रहेगा, खासकर यह जानने के लिए कि विभिन्न निवेश योजनाओं और कथित बेनामी संपत्तियों में उनकी क्या भूमिका रही। गौरतलब है कि 24 नवंबर को एसीबी रांची थाने में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें विनय चौबे के साथ उनके परिवार और करीबी सहयोगियों को भी आरोपी बनाया गया है।

