जमशेदपुर। चक्रधरपुर मंडल की आरपीएफ उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चलती ट्रेनों में मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। टाटानगर रेलवे स्टेशन से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से महंगे मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपितों की पहचान ऋषि तोरवा, अल्ताफ आलम, चंदन राम उर्फ चिंटू और विशाल तिवारी उर्फ जीशान के रूप में हुई है। सभी ओडिशा के बड़बिल के निवासी हैं।
बुधवार रात गश्त के दौरान मुंबई-हावड़ा मेल के एसी कोच से दो संदिग्ध व्यक्तियों को उतरकर भागते हुए देखा गया। आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि चार लोगों का गिरोह यात्रियों के मोबाइल चोरी कर रहा था। सीसीटीवी के आधार पर टीम ने तलाश तेज की और बुधवार देर शाम टाटानगर स्टेशन के नाइट आउट क्षेत्र से चारों को पकड़ लिया।
तलाशी में चोरी किए गए मोबाइल, चार्जर, बड़ा कटर और हेक्सा ब्लेड बरामद हुए। एक एप्पल, एक वनप्लस और एक वीवो मोबाइल की कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपये है। आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है। अल्ताफ आलम करीब 11 बार जेल जा चुका है। चारों को रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है।

