पूर्वी सिंहभूम। जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में रविवार देर रात उधारी और कथित रंगदारी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हबीब नगर स्थित एक जनरल स्टोर के बाहर दो युवकों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहल्ले के बच्चा राज और पलटन नामक दो युवक रविवार रात जनरल स्टोर पर पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने दुकानदार से करीब पांच हजार रुपये की उधारी राशि के साथ रंगदारी की भी मांग की। दुकानदार द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
विवाद बढ़ता देख दुकानदार ने सुरक्षा के मद्देनजर दुकान का शटर बंद कर लिया। इससे नाराज युवकों ने कथित तौर पर दुकान के शटर पर लात मारकर तोड़फोड़ की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसके बाद दोनों ने इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
बताया गया कि पहली गोली दुकान के सामने सड़क किनारे चली, जबकि दूसरी गोली कुछ दूरी पर दागी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखे बरामद कर जब्त कर लिए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

