जामताड़ा। नगरपालिका निर्वाचन 2026 के तहत जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर परिषद और जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के शुरुआती चरण में ही संभावित प्रत्याशियों की ओर से नामांकन प्रपत्रों की खरीद में तेजी देखी जा रही है। जिला जनसंपर्क कार्यालय, जामताड़ा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शुक्रवार को बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन प्रपत्र खरीदे।
मिहिजाम नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को दो नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई। इस पद के लिए सोनी कुमारी और जयश्री देवी ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। इसके साथ ही अब तक अध्यक्ष पद के लिए कुल सात नामांकन प्रपत्र बिक चुके हैं। हालांकि शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए मिहिजाम में शुक्रवार को 13 नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई। नामांकन प्रपत्र खरीदने वालों में डौली फौजदार, आरती सिन्हा, आशा देवी, रूबली मुर्मू, महेंद्र प्रसाद, राहुल कुमार शर्मा, दीपक कुमार, आलोक मिस्त्री, बबीता देवी, शिखा कुमारी, शांति देवी, जया कुमारी दास और टीना शाह शामिल हैं। अब तक वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 39 नामांकन प्रपत्र बिक चुके हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को मिहिजाम नगर परिषद के विभिन्न वार्डों से दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल भी किया। इनमें वार्ड संख्या 02 से सलिल रमण और वार्ड संख्या 05 से रूबी विनायक शामिल हैं।
दूसरी ओर जामताड़ा नगर पंचायत में भी चुनावी सरगर्मी साफ नजर आ रही है। यहां अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार को पांच नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई। अध्यक्ष पद के लिए बबीता झा, मुक्ता मंडल, लवली दुबे, चमेली देवी और रीना कुमारी ने नामांकन प्रपत्र खरीदे। अब तक अध्यक्ष पद के लिए कुल छह नामांकन प्रपत्र बिक चुके हैं। हालांकि शुक्रवार को यहां भी किसी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
वार्ड पार्षद पद के लिए जामताड़ा नगर पंचायत में शुक्रवार को 15 नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई। नामांकन प्रपत्र खरीदने वालों में संगीता दास, उत्तम कुमार रवानी, सरस्वती देवी, ज्योत्सना देवी, वरुण दास, संतोष मुखर्जी, जयंती दत्त, शोभना चंद्र, राजेश कुमार मंडल, शिखारानी मंडल, मधुसुदन मंडल, सुनिका कुमारी, अंजू, सीमा ब्लेक और फ्रेकलिन ब्लेक शामिल हैं। अब तक वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 33 नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हो चुकी है। शुक्रवार को इस पद के लिए भी किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। जिला प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की सभी तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ चुनावी प्रक्रिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।

