जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित सीएच साईं मंदिर के समीप गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े तीन कुख्यात अपराधी घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से बिहार के गया और नालंदा जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जानकारी मिली थी कि वारदात के बाद उन्होंने सोनारी-बिष्टुपुर इलाके के साईं मंदिर के पास झाड़ियों में हथियार छिपाए थे। इसी सूचना पर देर रात पुलिस टीम तीनों को हथियार बरामदगी के लिए मौके पर लेकर पहुंची।
घटनास्थल पर पहुंचते ही आरोपी गुड्डू सिंह ने थाना प्रभारी आलोक दुबे के बॉडीगार्ड से कार्बाइन छीन ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि थाना प्रभारी सहित सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों अपराधियों के निचले हिस्से में गोली लगी और वे घायल होकर गिर पड़े।
मुठभेड़ के तुरंत बाद तीनों घायलों को कड़ी सुरक्षा में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि यह कार्रवाई सटीक सूचना के आधार पर की गई। आरोपितों के बताए स्थान से तीन पिस्तौल, कार्बाइन और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए। मौके से फायरिंग के खोखे भी मिले हैं।
मुठभेड़ में किसी भी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और बाकी फरार अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।

