रांची: महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को भोले बाबा ब्याह रचाने चले। पहाड़ी मंदिर परिसर, रातू रोड केएन कॉलोनी के राधाकृष्ण मंदिर और चुटिया सहित शहर के विभिन्न इलाकों से मनोहारी झांकी, भूत-प्रेत और हजारों बारातियों संग बारात झूम कर निकली। इसमे आम तो आम खास ने भी बढ़-चढ़ कर भागीदारी निभायी। पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष महुआ माजी सहित बड़ी संख्या में गणमान्यों ने भी खास तौर से हिस्सा लिया। ढोल-नगाड़ा, बैंड बाजा, तासा पार्टी ने तो भक्ति का रंग जमाया ही, स्थानीय और बाहर से आयी भजन मंडली, नृत्य-नाटिका मंडली के कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुति से बारात मेंं चार चांद लगाया। सजे नंदी बैल और गो माता के क्या कहने, मनोहारी देवी-देवताओं की झांकी बरबस ही आकर्षित करती रही। राजधानी का कोना-कोना श्रीशिव भक्ति रस से सराबोर रहा। सुबह से दोपहर बाद तक देवालयों में जहां दर्शन-पूजन का सिलसिला चला, वहीं इसके बाद भव्य बारात निकाली गयी।
रात्रि प्रहर भोले बाबा संग माता पार्वती का विवाह रचाया गया।
पहाड़ी मंदिर परिसर से दिन के साढ़े तीन बजे बारात निकली। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, महिला आयोग की अध्यक्ष महुआ मांजी, कांग्रेस नेता अजय राय, राजेश गुप्ता छोटू और आयोजन समिति के संरक्षक सूरजभान सिंह, ललित ओझा, अध्यक्ष राजेश गुप्ता गणमान्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु अगुवाई करते हुए आगे बढ़े। पीछे से बारातियों की टोली साथ चल रही थी। देवी-देवताओं की झांकी से सजी ट्रक के बीच पंजाबी ढोल, बैंड बाजा वाले रंग जमाते हुए आगे बढ़ रहे थे। साथ ही टेलर पर नर्तक शिव बारात से संबंधित विभिन्न प्रसंगों की झलक दिखाते साथ चल रहे थे। बारात गाड़ीखाना चौक, कार्ट सराय रोड के रास्ते अपर बाजार होते हुए जेजे रोड, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक से घूम कर पुस्तक पथ, गांधी चौक, महावीर चौक, रातू रोड होते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ शिव मंदिर पहुंची। यहां सराती बने श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया। बाद में श्रीशिव-पार्वती का विवाह रचाया गया।
Previous Articleजनविरोधी फैसलों का जनता करेगी विरोध : बाबूलाल
Next Article झारखंड में लगेगी टोबु साइकिल की फैक्ट्री
Related Posts
Add A Comment