कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने ठाकुरपुर में रैली को संबोधित किया। इस दौरान मोदी ने भीड़ की तरफ इशारा करके कहा कि ये नजारा देखकर मुझे समझ आ गया कि ममता दीदी हिंसा पर क्यों उतर आईं। प्रधानमंत्री ठाकुरपुर में मटुआ समुदाय के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान मोदी ने कहा, जैसा कि मैंने कल कहा कि ये बजट तो एक शुरुआत भर है चुनाव के बाद जब पूर्ण बजट आयेगा, तो किसानों युवाओं और कामगारों की स्थिति और स्वस्थ्य हो जायेगी।”

बजट से 45-55 करोड़ लोगों को फायदा होने का दावा
मोदी ने कहा, कल बजट में जो घोषणाएं की गई हैं उनसे देश के 12 करोड़ से ज्यादा छोटे किसान परिवारों, 30-40 करोड़ श्रमिकों, मजदूर भाई-बहनों और 3 करोड़ से अधिक मध्यम वर्ग के परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। मोदी ने कहा, “हमारे देश में किसानों के साथ कर्जमाफी की राजनीति करके उनकी आंखों में धूल झोंकने का काम हुआ। स्वार्थी दल किसानों का कुछ भला नहीं कर रहे थे। आपने देखा होगा कि अभी कुछ राज्यों में कर्ज माफी के नाम पर वोट मांगे गये। अब ऐसे किसानों के कर्ज माफ हो रहा है जिन्होंने कभी कर्ज लिया ही नहीं। कुछ किसानों का 13 रुपए कर्ज माफ किया गया। यह सब मप्र में हो रहा है। वहीं, राजस्थान में सरकार में बैठे लोग कह रहे हैं कि हमें तो पता ही नहीं था कि कर्ज माफी करना इतना मुश्किल है। कर्नाटक में किसानों के पीछे पुलिस लगा दी गयी।”

इस रैली के बाद मोदी दुगार्पुर में भी रैली करेंगे। वे 294 किमी लंबी अंदाल-सैंथिया-पाकुड़-माल्दा और खाना-सैंथिया रेललाइन के विद्युतीकरण को भी देश को समर्पित करेंगे। भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा है कि दुगार्पुर में मोदी के सभास्थल से महज 50-70 मीटर दूर मोदी के बैनर के ऊपर ममता बनर्जी के पोस्टर लगाए गए हैं। यह साबित करता है कि बंगाल में लोकतंत्र नहीं है। अगर हमारे कार्यकर्ता इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं तो उन पर हमला किया जाता है।

जिस जगह रैली हो रहीं, उनकी भी अहमियत
मोदी उत्तर 24 परगना के ठाकुरनगर में रैली की। यहां मटुआ समुदाय के लोग बहुतायत में हैं। ये लोग 1950 के दशक में पूर्वी पाकिस्तान से आए थे। पश्चिम बंगाल में मटुआ समुदाय की आबादी करीब 30 लाख हैं। उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिले की 5 लोकसभा सीटों पर इनका असर है। वहीं, दुगार्पुर रैली भाजपा के गणतंत्र बचाओ कार्यक्रम का हिस्सा होगी। दुगार्पुर, आसनसोल लोकसभा सीट के नजदीक है। आसनसोल से केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो सांसद हैं।

शाह ने मालदा में जनसभा की थी
मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मालदा में जनसभा को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस पर निशाना साधा। शाह ने कहा- ममता सरकार ने भाजपा को रथ यात्रा की अनुमति नहीं दी। ममता को डर था कि रथ यात्रा निकलती तो यह उनकी सरकार की अंतिम यात्रा होती। शाह ने कहा, ”पंचायत चुनाव में 65 से ज्यादा भाजपा और अन्य पार्टियों के कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गयी। तृणमूल के गुंडों ने अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों को पर्चे तक नहीं डालने दिए। कान खोलकर सुन लो तृणमूल वालो, लोकसभा चुनाव में ऐसी गलती नहीं करना, नहीं तो सेंट्रल मिलिट्री फोर्स आपकी ईंट से ईंट बजा देगी। हर बूथ पर निर्वाचन आयोग के अधिकारी तैनात होंगे।”
बंगाल में रथ यात्रा को लेकर विवाद
सुप्रीम कोर्ट ने 15 जनवरी को पश्चिम बंगाल में भाजपा की रथ यात्रा निकालने पर रोक लगा दी थी। कोर्ट ने कहा था कि इससे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। हालांकि कोर्ट ने भाजपा को राज्य में रैलियां और जनसभा करने की अनुमति दी थी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version