धनबाद/ बाघमारा। टाइगर की मांद में कांग्रेस की दहाड़ रविवार को सुनाई पड़ी। बाघमारा से भाजपा विधायक ढुल्लू महतो के गढ़ में कांग्रेस ने माथाबांध बरोरा मैदान में कांग्रेस लाओ देश-बचाओ महारैली का आयोजन किया। इस महारैली में धनबाद, बोकारो, गिरिडीह के कोने-कोने से कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। इस महारैली में मुख्य रूप से कांग्रेस प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह, सहप्रभारी उमंग सिंघार, प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम मुख्य रूप से मौजूद थे।

पारा शिक्षकों को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया: आरपीएन : झारखंड प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देना चाहता हूं कि इस जनसैलाब के कारण मुझे पैदल चल कर मंच तक आना पड़ा। अभी तो यह अंगड़ाई है, आगे भी बाकी लड़ाई है। सरकार ने पारा शिक्षकों को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में जिस तरह किसानों का कर्ज माफ हुआ है। झारखंड में भी सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ होगा। चुनाव आ गया है इसलिए भाजपा वालों को भगवान राम और मंदिर की याद आ रही है।

झूठे वादों के बादशाह है मोदी : डॉ अजय : प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार ने कहा कि बाघमारा के असली शेर जलेश्वर महतो हं। उन्होंने मौजूद भीड़ से यह सवाल किया कि क्या लाहौर में तिरंगा झंडा फहराया गया? क्या एक सौ स्मार्ट सिटी बनायी गयी? क्या खाते में 15 लाख रुपये आया? या बलात्कार होना बंद हो गया? इन सब झूठे वादों के बादशाह है नरेंद्र मोदी। झारखंड में सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं। शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। जिस देश का प्रधानमंत्री व्यापारी होगा, उस देश की जनता भिखारी होगी।

टाइगर आदमखोर हो गया है, जंगल में ले जाऊंगा: उमंग सिंघार
झारखंड के सह प्रभारी उमंग सिंघार ने कहा कि यहां टाइगर बहुत सारे हो गये है। कुछ टाइगर आदमखोर भी हो गये हैं, चिंता नहीं करें, उन्हें जंगल में ले जाऊंगा।

रैली ऐतिहासिक: आलोक
प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे ने कहा कि बाघमारा की रैली ऐतिहासिक रही, जहां लोगों ने एक स्वर से भाजपा को हटाने का संकल्प लिया। रैली का उद्देश्य भी यही था कि स्थानीय विधायक के भय के वातावरण से लोगों को बाहर निकाला जाये।

बाघमारा की जनता बाघ को मार कर इतिहास रचेगी : जलेश्वर : पूर्व मंत्री सह कांग्रेसी नेता जलेश्वर महतो ने कहा कि आज के इस महारैली में जनता को देखकर ऐसा लगता है कि बाघमारा में बाघ को मार कर इतिहास रचने का काम करेगी। बाघमारा में गुंडाराज और जंगलराज कायम है। इस कार्यक्रम को बाधित करने के लिए कुछ लोग रात को डंडा लेकर खड़े रहते थे। गेट को जलाया, झंडा उखाड़ा, उसके बाद भी कार्यकर्ताओं के जोश ने रैली को सफल बनाया। यह जमीन बीसीसीएल की है, परंतु जिला प्रशासन विधायक के दबाव में आकर 30 तारीख तक आदेश देने का काम नहीं किया था। 31 तारीख को आदेश दिया गया। मात्र तीन दिन में इस महारैली की तैयारी की गयी है।

महारैली में ये लोग थे मौजूद : ओपी लाल, मन्नान मल्लिक, राजेंद्र सिंह, आलमगीर आलम, राजेश ठाकुर, डॉक्टर सरफराज अहमद, चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे, प्रकाश नोनिया, संतोष सिंह, रेखा देवी, शाहिदा कमर, शौकत खान के अलावा सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version