रांची/धनबाद। भ्रष्टाचार के खिलाफ हेमंत सोरेन सरकार का हल्ला बोल बुधवार को शुरू हो गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की अलग-अलग टीमों ने रांची के तीन और धनबाद के एक ठिकाने पर छापामारी की। रांची में नगर निगम, रजिस्ट्री आॅफिस और डोरंडा थाना में एसीबी का छापा पड़ा, जबकि एक अन्य टीम ने धनबाद नगर निगम की तलाशी ली। यह छापामारी इन कार्यालयों में भ्रष्टाचार और गड़बड़ी की सूचना पर की गयी। एसीबी की टीमों ने दिन भर इन कार्यालयों की तलाशी ली और अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ की। लौटते समय एसीबी की टीम दस्तावेज और कुछ फाइलें भी अपने साथ ले गयी। छापामारी के दौरान क्या कुछ हासिल हुआ, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है। केवल इतना बताया गया कि छापामारी के बारे में रिपोर्ट अलग-अलग विभागों को भेज दी जायेगी। इसके बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।

इस छापामारी के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है। अधिकारी भी इस छापामारी से परेशान हैं। अमूमन एसीबी शिकायत के बाद छापामारी करती है।  रांची नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। कई बार नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल भी खड़ा हुआ है। ठेका-टेंडर भी मुद्दा रहा है। निबंधन कार्यालय भी इसी परिधि में है। निबंधन कार्यालय बराबर विवाद में रहा है। वहां अवैध वसूली के आरोप लगातार लगते रहे हैं। धनबाद नगर निगम में भी भ्रष्टाचार के आरोप में ही छापा पड़ा।  डोरंडा थाना में छापामारी भी गड़बड़ी की सूचना पर ही की गयी।

भारी गड़बड़ी उजागर

सूत्रों के अनुसार छापामारी के दौरान रांची नगर निगम और निबंधन कार्यालय में भारी गड़बड़ी पकड़ी गयी है। कई रजिस्टर की फोटो कॉपी निगरानी के अफसर ले गये हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गयी है। केवल इतना कहा गया कि जांच जारी है।

संबंधित विभागों को दी जायेगी रिपोर्ट : डीजी

छापामारी के संबंध में पूछे जाने पर निगरानी के डीजी नीरज सिन्हा ने बताया कि इस छापामारी में जो कुछ भी मिला है या मिलेगा, उसके संबंध में अलग-अलग रिपोर्ट अधिकारियों को दी जायेगी। रांची और धनबाद नगर निगम में छापामारी के बारे में रिपोर्ट नगर विकास सचिव को भेजी जायेगी। उनसे यह भी पूछा जायेगा कि आगे कानूनी कार्रवाई की जानी है या नहीं। निबंधन कार्यालय की छापामारी की जानकारी भू-राजस्व सचिव को और डोरंडा थाना में छापामारी के बारे में एसएसपी को पत्र लिखा जायेगा। उन्होंने कहा कि जनसाधारण से शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए यह कार्रवाई की गयी।

धनबाद नगर निगम के कार्यालय में एसीबी की धमक

एसीबी की टीम ने बुधवार को धनबाद नगर निगम पर भी छापेमारी की। टीम पिछले कई वर्षों के विकास कार्यों से जुड़ी फाइलों को खंगाल रही है। इस रेड से धनबाद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के होश फाख्ता हो गये हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version