रांची। दिन सोमवार। समय-11 बजे। इस तारीख और दिन का खास कर भाइपाइयों को बेसब्री से इंतजार है। हो भी क्यों नहीं, 14 साल बाद पार्टी के कद्दावर नेता बाबूलाल मरांडी की घर वापसी हो रही है। वह भी पूरे कुनबे के साथ। इस कारण भाजपाई उत्साहित हैं। इधर, प्रभात तारा मैदान भी सोमवार के दिन एक और इतिहास लिखने को तैयार हो रहा है। पांच सालों में प्रभात तारा मैदान केंद्र की बड़ी योजनाओं का लांचिंग पैड बन गया है। अब एक महामिलन का गवाह बनने जा रहा है। सोमवार को भी प्रभात तारा मैदान बाबूलाल मरांडी के भाजपाई होने का गवाह बनेगा। साथ ही झाविमो की बड़ी फौज को भगवा रंग में रंगते देखेगा। झाविमो का भाजपा में विलय का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। महज कुछ घंटे ही शेष बचे हैं। साथ ही भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पिछले डेढ़ महीने से छायी वीरानी भी अब दूर होने लगी है। शनिवार के भाजपा कार्यालय, झाविमो कार्यालय और प्रभात तारा मैदान का जायजा आजाद सिपाही के सिटी एडिटर राजीव ने।

झाविमो के भाजपा में विलय के साथ झारखंड की राजनीति में शुरू होगा नया चैप्टर
दिन के 12.10 बजे हैं। भाजपा कार्यालय गुलजार है। रांची के सांसद संजय सेठ, समीर उरांव, पूर्व विधायक प्रकाश राम, संगठन से जुड़े शिवपूजन पाठक, आदित्य साहू, संजय जयसवाल, राजेंद्र केसरी आदि भाजपा के कार्यालय में आ चुके हैं। चर्चा सिर्फ बाबूलाल मरांडी की घर वापसी को लेकर हो रही है। बीच-बीच में कुछ और बातें भी हो रही हैं, लेकिन कमोवेश सबकी जुबां पर बाबूलाल मरांडी ही छाये हुए हैं। इसी बीच रांची के सांसद संजय सेठ कहते हैं : बाबूलाल मरांडी सर्वमान्य नेता है। वह सिर्फ राजनीति से जुड़े लोगों के बीच लोकप्रिय नहीं हैं, बल्कि राज्य की आम जनता उन्हें पसंद करती है। वह विनम्र, मिलनसार राजनीतिज्ञ हैं। उनके घर वापसी से भाजपा इस राज्य में और मजबूत होगी। सरकार के जनविरोधी कामों के खिलाफ सड़क से लेकर लोकतंत्र के मंदिर तक विरोध करेंगे। इधर, भाजपा के प्रदेश कार्यालय में गहमागहमी बढ़ने लगी है। कार्यकर्ताओं के बीच बाबूलाल की भाजपा में इंट्री को लेकर कौतूहल साफ दिखाई दे रहा है। लातेहार के पूर्व विधायक प्रकाश राम भी पहुंचते हैं। पूछने पर कहते हैं कि निश्चित तौर पर बाबूलाल की भाजपा में इंट्री से पार्टी मजबूत होगी। बाबूलाल सर्वमान्य नेता है। वह मृदुभाषी हैं। उनमें विरोधियों को भी अपनी ओर आकर्षित करने की क्षमता है। इसी बीच दोपहर साढ़े बारह बजे भाजपा कार्यालय में रांची से डबल हैट्रिक मारने वाले विधायक सीपी सिंह की इंट्री होती है।

सीपी बोले- नहीं बोलूंगा, आज तो मौनव्रत है भाई
सीपी सिंह की इंट्री के साथ ही जब बाबूलाल मरांडी की भाजपा में घर वापसी पर सवाल किया गया, तो कहने लगे- आज कुछ नहीं बोलेंगे। आज मौन व्रत है। कल खुलकर बोलेंगे। आज इस मुद्दे पर मत पूछिये। इतना सुनने के बाद पूर्व विधायक प्रकाश राम, भाजपा नेता संजय जयसवाल और राजेंद्र केसरी मुस्कुरा भर देते हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं और कैडरों के बीच दबी जुबान इस बात पर चर्चा चल रही है कि बाबूलाल मरांडी के भाजपा में आने से पार्टी के अंदर क्या सांगठनिक फेरबदल की संभावना बन सकती है। सभी कोई 17 फरवरी को प्रभात तारा मैदान में आयोजित होने जा रहे महामिलन समारोह की चर्चा आपस में कर रहा है, जिसमें झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी और उनके लाखों कार्यकर्ता भाजपा के हो जायेंगे।

बाबूलाल मरांडी और मजबूत होकर उभरेंगे
स्थान : डिबडीह स्थित झाविमो का केंद्रीय कार्यालय, समय : 1.15 बजे। यहां भी गहमागहमी है। केंद्रीय अध्यक्ष के चेंबर के ठीक बगल के कक्ष में भाजपा के पुराने नेता सूर्यमणी सिंह अपने कुछ समर्थकों के साथ बैठे हुए हैं। उन्हें बाबूलाल मरांडी का इंतजार है। पूछने पर बोल उठते हैं : अब सवाल की जगह नहीं है। बस 17 फरवरी का इंतजार कीजिए। बाहर कुर्सी लगी है। लातेहार जिला से आये पार्टी संगठन और भाजपा से जुड़े लोगों को भी बाबूलाल का इंतजार है। लक्ष्मण कुशवाहा, नागेंद्र प्रसाद, कामेश्वर भोग्ता, झूलन प्रसाद, मोतीलाल सोनू, सुनील प्रसाद, लक्ष्मण सिंह समेत दो दर्जन लोग बैठे हुए हैं। इन लोगों से बातचीत से यह मालूम होता है कि इनमें से कई पूर्व में भाजपा के ही सिपाही थे। जब 2006 में बाबूलाल ने अपनी अलग राह पकड़ी थी, तब ये लोग भी बाबूलाल के साथ हो लिए थे। इनके बीच भी कौतूहल साफ देखने को मिल रही है। संगठन में कितनी तरजीह मिलेगी, इसे लेकर आपस में खूब चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि मीडियाकर्मियों के आने पर ये लोग इस तरह की चर्चा को बीच में ही रोक देते हैं। सभी अनुशासित सिपाही की तरह हो जाते हैं।

बाबूलाल को महत्वपूर्ण ओहदा दिये जाने की चर्चा
प्रभात तारा मैदान में एक और दर्जन भर लोग खड़े हैं। उनके बीच भी चर्चा के केंद्र में बाबूलाल मरांडी हैं। इसमें भाजपा और झाविमो दोनों पार्टी के कार्यकर्ता हैं। भाजपा और झाविमो के कार्यालयों में पार्टी के अंदर बाबूलाल के भविष्य को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। हालांकि झाविमो के निचले स्तर के ज्यादातर कार्यकर्ता इस बात से इत्तेफाक रखते हैं कि बाबूलाल मरांडी को विरोधी दल का नेता बनाया जायेगा। उधर, भाजपा के निचले स्तर के कार्यकर्ताओं का कहना है कि इसपर फिलहाल वे लोग कुछ भी नहीं कह सकते। हालांकि पार्टी बाबूलाल को कोई बड़ी जिम्मेवारी सौंपेंगी, इससे इनकार नहीं किया जा सकता है। वैसे, अब सभी को सोमवार को दिन के 11 बजे का इंतजार है, जब प्रभात तारा मैदान में महामिलन समारोह की शुरुआत होगी।

प्रभात तारा मैदान में मेगा शो की तैयारियां
स्थान- प्रभात तारा मैदान। समय-दो बजे। बाबूलाल मरांडी की भाजपा में इंट्री और भाजपा में झारखंड विकास मोर्चा के विलय को लेकर मेगा शो की तैयारियां चल रही है। महामिलन समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा के अलावा झाविमो, दोनों ही राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता लगे हुए हैं। मंच का निर्माण अब अंतिम चरण में है। यह संभावना जतायी जा रही है कि महामिलन समारोह की तैयारियां रविवार दोहपर तक पूरी कर ली जायेगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, झारखंड प्रभारी ओम माथुर सरीखे नेताओं की मौजूदगी में बाबूलाल मरांडी भगवा चोला ओढ़ेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी भी तैयारियों की मॉनिटरिंग अपने स्तर से भी कर रहे हैं। यह दीगर बात है कि यह कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं है। यहां हमें भाजपा और झाविमो, दोनों ही दलों के कार्यकर्ता तैयारियों का जायजा लेते हुए दिखायी पड़ते हैं। दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं से अलग-अलग बातचीत करने पर यह आभाष होता है कि दोनों के मन में कई सवाल चल रहे हैं और अंतरद्वंद्व साफ महसूस किया जा सकता है। एक ने कहा कि अपना बनाया हुआ घर छोड़ दूसरे घर की ओर जाने से मन:स्थिति को भांपा जा सकता है। अलबत्ता, इस बात का सुकून अवश्य है कि जिस घर में हम जा रहे हैं, वह पहले हमारा ही घर था। अब इस बात को देखना पड़ेगा कि पुराने घर में जिन लोगों की घर वापसी हो रही है, उन्हें कितना तबज्जो मिलेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version