-कुडू थाना से महज आधा किलोमीटर दूर मिली लाश
-आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया, दुकानें स्वत बंद रहीं
सत्यकाम
लोहरदगा। जिले के कुड़ू-प्रखंड कार्यालय के समीप होटल संचालक प्रदीप प्रसाद की निर्मम हत्या कर दी गयी है। उनका शव कुडू थाना से महज आधा किलोमीटर दूर एनएच 75 ढुलवा खूंटा पुल के समीप मिला। होटल व्यवसायी का शव मिलने के बाद थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। इस हत्याकांड से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। घटना की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया। क्षेत्र की दुकानें स्वत: बंद रहीं। लोगों ने अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
अपहरण कर हत्या की आशंका:
जानकारी के अनुसार प्रदीप कुमार बुधवार रात को पड़ोस में एक शादी में शामिल होने के लिए गये थे। वह रात करीब 10 बजे पैदल ही वहां से घर लौट रहे थे। तभी लापाता हो गये। रात में परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह लगभग आठ बजे प्रदीप कुमार के परिजन कुड़ू थाना पहुंचे और उनके गायब होने की सूचना दी। उन्होंने पुलिस के पास अपहरण की आशंका भी जाहिर की। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि थाना से आधा किलोमीटर दूर ढुलुवाखुंटा के समीप सड़क किनारे कचड़ा फेंकने वाले स्थान पर एक शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की पहचान होटल संचालक प्रदीप कुमार के रूप में हुई। उनकी हत्या किसी तेजधार हथियार से की गयी थी।
लिखित आश्वासन के बाद हटा जाम:
हत्याकंड से आक्रोशित लोगों ने क्षेत्र की सड़कों को जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह, पुलिस निरीक्षक मंटू कुमार, बीडीओ मनोरंजन कुमार, सीओ प्रवीण कुमार सिंह, थाना प्रभारी विश्वजीत कुमार सिंह ने स्थानीय लोगों को समझाया। उन्होंने लिखित आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।