रामगढ़। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि हमारे चूल्हा प्रमुख पार्टी के सबसे मूल्यवान कार्यकर्ता हैं। जनता के सुख दुख के असली साझीदार है। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में हर घर, हर परिवार की सेवा के लिए ही चूल्हा प्रमुखों का चयन करते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
महतो गुरुवार को रामगढ़ के गोला स्थित सीपीसी कॉलेज के मैदान में आयोजित चूल्हा प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गांव-गांव से जुटे हजारों चूल्हा प्रमुखों को कर्तव्य, निष्ठा और जनसेवा की शपथ दिलाई। साथ ही कहा कि चूल्हा प्रमुखों का सम्मेलन आम अवाम के सुख दुख में साथ खड़ा रहने का संकल्प है। चूल्हा प्रमुख हर घर परिवार के हक अधिकार दिलाने के लिए महत्वपूर्ण कड़ी का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि तीन साल से रामगढ़ नेतृत्व विहीन है। 27 फरवरी को होने वाले उपचुनाव में जीत दर्ज कर एनडीए की उम्मीदवार सुनिता चौधरी रामगढ़ की खोयी गरिमा वापस दिलाने का काम करेगी। आजसू जनता की सेवा करती रही है। आजसू के नेतृत्व में ही रामगढ़ का परिचय बदला लेकिन कांग्रेस ने उस परिचय को तीन साल में ही चौपट करके रख दिया। हमने विकास का जो मुकुट सजाया था, उसे कांग्रेस ने नोंच लिया।