रामगढ़। रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में यूपीए उम्मीदवार बजरंग महतो के पक्ष में प्रचार करने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय भी पहुंचे। मंगलवार को उन्होंने शहर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरूण कुमार सिन्हा से मुलाकात की।
मौके पर पत्रकारों से सुबोध कांत सहाय ने कहा कि ममता देवी एक गहरी साजिश की शिकार हुई हैं। आज उनके पति इस चुनावी मैदान में हैं। जिन लोगों ने ममता को जेल भिजवाने की साजिश रची उनके खिलाफ आम नागरिकों में गुस्सा है। जनता 27 फरवरी को अपना फैसला सुनाएगी। रामगढ़ विधानसभा का उपचुनाव राज्य सरकार की उपलब्धियों पर भी जीता जाएगा। हेमंत सोरेन की सरकार ने कई ऐसी योजनाएं तैयार की है जिसका लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है। राज्य सरकार गरीब, किसान, मजदूरों के हित में लगातार कार्य कर रही है। मौके पर मुकेश यादव, ओमप्रकाश सिंह, अमित सिंह, रामलाल , राजू वर्मा आदि मौजूद थे।