रांची। झारखंड अग्निशमन विभाग अब आधुनिक संसाधनों से लैस होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने इसके लिए 147 करोड़ रुपये स्वीकृत की हैं। इस राशि का उपयोग नये फायर स्टेशन, ट्रेनिंग सेंटर और अग्निशमन उपकरणों की खरीद में किया जायेगा। साथ ही, जल्द ही होमगार्ड जवानों की भर्ती भी होगी। यह जानकारी डीजी होमगार्ड अनिल पाल्टा ने दी।
11 नये फायर स्टेशन और अत्याधुनिक उपकरण मिलेंगे
डीजी होमगार्ड ने बताया कि यह फंड 15वें वित्त आयोग के तहत मिला है, जिसे 31 मार्च 2026 से पहले खर्च करना होगा। इस राशि से 11 नये फायर स्टेशन बनाये जायेंगे, एक राज्य स्तरीय ट्रेनिंग सेंटर और एक फायर फाइटिंग कंट्रोल रूम भी स्थापित होगा। इसके अलावा, छोटे और बड़े फायर टेंडर, मोटरसाइकिल फायर टेंडर और हाइड्रोलिक प्लेटफार्म भी खरीदे जायेंगे।
होमगार्ड जवानों की जल्द होगी भर्ती
अनिल पाल्टा ने कहा कि होमगार्ड जवानों की भर्ती की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जल्द ही बहाली की जायेगी। इससे अग्निशमन विभाग को और मजबूती मिलेगी। धनबाद में अग्निशमन विभाग के पास संसाधनों की कमी थी, लेकिन अब इसमें सुधार होगा। हाल ही में धनबाद को फोम टेंडर मिले थे, जो गैस, शॉर्ट सर्किट और तेल से लगी आग को तेजी से बुझाने में सक्षम हैं। हालांकि, ऊंची इमारतों में आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफार्म की कमी थी, जिसे अब पूरा किया जायेगा। गर्मी शुरू होने से पहले नयी व्यवस्थाओं के लागू होने की उम्मीद है, जिससे आग लगने की घटनाओं पर जल्दी काबू पाया जा सकेगा।