कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत मध्य कोलकाता के एक होटल से छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार सुबह उस वक्त हुई जब पार्क स्ट्रीट थाना पुलिस की एक विशेष टीम ने कॉलिन स्ट्रीट स्थित होटल में छापेमारी की। गिरफ्तार किए गए सभी युवक बांग्लादेश की पूर्व सत्ताधारी पार्टी, आवामी लीग से जुड़े बताए जा रहे हैं।
वीजा की अवधि हुई समाप्त, फिर भी नहीं लौटे स्वदेश पुलिस जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी पिछले साल बांग्लादेश में मची राजनीतिक उथल-पुथल और अशांति के दौरान ‘मेडिकल वीजा’ पर भारत आए थे। हालांकि, इनके वीजा की अवधि नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच ही समाप्त हो चुकी थी, लेकिन ये वापस जाने के बजाय कोलकाता के विभिन्न होटलों में छिपकर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी मुख्य रूप से बांग्लादेश के नोआखाली और टांगाइल जिले के निवासी हैं।
गिरफ्तारी के समय गायक की अजीब फरमाइश गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आबिर हुसैन, मोहम्मद मामुन रशीद, मोहम्मद अलीमुन गाजी, आज़म मोल्ला, फैजल अमीन और जायदुल इस्लाम के रूप में हुई है। इनमें से आज़म मोल्ला पेशे से एक गायक है। दिलचस्प बात यह है कि जब पुलिस उसे हिरासत में ले रही थी, तब वह कानून के डर के बजाय अपने साथ गिटार ले जाने की जिद करने लगा और पुलिसकर्मियों से गाने की अनुमति भी मांगी।
अदालत ने भेजा न्यायिक हिरासत में सोमवार को बैंकशाल अदालत में पेश किए जाने के बाद, न्यायाधीश ने सभी छह आरोपियों को 27 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन सभी की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच है और ये यहां स्थानीय स्तर पर काम की तलाश भी कर रहे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सजा पूरी होने के बाद नियमानुसार इन्हें वापस बांग्लादेश भेजने (डिपोर्ट) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

