नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों से आज निवेशकों को मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार पिछले कारोबारी सत्र में उतार-चढ़ाव के बीच गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज हल्की मजबूती देखने को मिल रही है। यूरोपीय बाजारों का रुख भी मिश्रित रहा। वहीं एशियाई बाजारों में आज अलग-अलग रुझान नजर आ रहे हैं, जिससे घरेलू बाजार की शुरुआत पर भी इसका असर पड़ सकता है।
अमेरिका में पिछले सत्र के दौरान बिकवाली का दबाव बना रहा। एस एंड पी 500 इंडेक्स मामूली कमजोरी के साथ 6,941.47 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक इंडेक्स में 0.11 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 23,076.58 अंक पर बंद हुआ। हालांकि आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 158.20 अंक यानी 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 50,279.60 अंक के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दे रहा है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि आगामी सत्र में रिकवरी संभव है।
यूरोपीय बाजारों में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला। ब्रिटेन का एफटीएसई इंडेक्स 1.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,472.11 अंक पर बंद हुआ। वहीं फ्रांस का सीएसी इंडेक्स 0.18 प्रतिशत फिसलकर 8,313.24 अंक पर आ गया। जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,856.15 अंक पर बंद हुआ।
एशियाई बाजारों में आज नौ प्रमुख सूचकांकों में से पांच हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन में गिरावट है। गिफ्ट निफ्टी 71 अंक यानी 0.27 प्रतिशत टूटकर 25,901.50 अंक पर आ गया है। हैंग सेंग इंडेक्स 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 27,014 अंक पर है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स भी 0.77 प्रतिशत फिसला है।
दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 57,718 अंक पर है। स्ट्रेट्स टाइम्स 0.66 प्रतिशत उछला है, जबकि कोस्पी इंडेक्स में 2.46 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज की गई। शंघाई कंपोजिट और सेट कंपोजिट इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।

