कोलकाता: हावड़ा के पिलखाना इलाके में प्रॉपर्टी कारोबारी मोहम्मद शफिक खान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोलाबाड़ी थाने की पुलिस ने गुरुवार तड़के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद बिलाल (36) उर्फ रिंकू, मोहम्मद वकील (32) उर्फ मुन्ना और दिलदार हुसैन (32) के रूप में हुई है।
बिलाल का घर जोरासांको थाना क्षेत्र के केलाबागान इलाके में है, जबकि अन्य दो आरोपित बउबाजार इलाके के निवासी हैं। कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग के सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर हावड़ा सिटी पुलिस, खुफिया विभाग और गोलाबाड़ी थाने की टीम ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। उत्तर कोलकाता के जोरासांको स्थित एक गुप्त ठिकाने से तीनों को दबोच लिया गया। हत्या की घटना के बाद से ये सभी फरार चल रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि मोहम्मद शफीक खान की हत्या के बाद मामले के दो मुख्य आरोपित हारून खान और रोहित हुसैन जोरासांको इलाके में बिलाल के पास ही छिपे थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों का मुख्य आरोपितों के साथ नियमित संपर्क था।
फिलहाल, खुफिया अधिकारी गिरफ्तार आरोपितों से लगातार पूछताछ कर रहे हैं। मुख्य आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई है। गुरुवार को तीनों को हावड़ा अदालत में पेश किया जाएगा।

