रांची। झारखंड सरकार ने बुधवार देर रात बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 16 अधिकारियों के तबादले किए हैं। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दो अधिकारियों को उनके मूल दायित्वों के अतिरिक्त अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अपर मुख्य सचिव मस्तराम मीणा को राजस्व परिषद का सदस्य नियुक्त किया गया है। वहीं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा को खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग का सचिव बनाया गया है। पर्यटन विभाग के सचिव मनोज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव, जबकि परिवहन विभाग के सचिव विप्रा भाल को आपदा प्रबंधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की सचिव मनोज कुमार को दक्षिणी छोटानागपुर का आयुक्त बनाया गया है। योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार को पर्यटन विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह को महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वित्त विभाग (व्यय) के सचिव अबु इमरान को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का सचिव, संजय कुमार को संथाल परगना का आयुक्त, संदीप सिंह को श्रमायुक्त, घोलप रमेश गोरख को नागरिक सुरक्षा आयुक्त, कुमुद सहाय को पलामू का आयुक्त और रवि रंजन कुमार को कोल्हान का आयुक्त बनाया गया है। सहयोग समितियों के निबंधक शशि रंजन को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का अपर सचिव और जल जीवन मिशन का अभियान निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

