अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की बहुचर्चित हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। 14 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटी इस हिट जोड़ी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। शुरुआती तीन दिनों में फिल्म ने 58 करोड़ रुपये का कारोबार कर यह साबित कर दिया है कि दर्शकों को अक्षय और प्रियदर्शन की कॉमिक टाइमिंग अब भी पसंद है।
फिल्म ने पहले दिन 12.25 करोड़ रुपये से खाता खोला था, जबकि दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 19 करोड़ रुपये पहुंच गई। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को फिल्म ने और ऊंची उड़ान भरते हुए 23 करोड़ रुपये का कारोबार किया। लगातार बढ़ती कमाई से साफ है कि सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ का फिल्म को बड़ा फायदा मिल रहा है और आने वाले दिनों में इसकी रफ्तार और तेज हो सकती है।
फिल्म की कहानी अर्जुन नाम के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो लंदन से भारत के एक गांव में पहुंचता है और एक रहस्यमयी महल से जुड़े घटनाक्रम में उलझ जाता है। फिल्म में तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव और वामिका गब्बी भी अहम भूमिकाओं में हैं।
दूसरी ओर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ पांचवें हफ्ते में भी मजबूत बनी हुई है और 32वें दिन 4.60 करोड़ रुपये की कमाई के साथ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1,115 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।

