रांची। राजधानी रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़के की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है। 16 वर्षीय जसीम मंसूरी का शव लाजपत नगर इलाके में स्थित एक निर्माणाधीन चार मंजिला अपार्टमेंट से बरामद किया गया है। मृतक पंडरा थाना क्षेत्र के मुस्लिम मोहल्ले का रहने वाला था और पिछले दो दिनों से लापता था।
शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि जसीम की पहले चाकू से हत्या की गई और फिर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसे अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी पीके मिश्रा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
दो दिन से था लापता
मृतक के परिजनों के अनुसार, जसीम मंसूरी 2 फरवरी से ही घर से गायब था। परिजनों ने पंडरा ओपी में उसकी गुमशुदगी की सनहा दर्ज कराई थी। बुधवार को जब परिजन उसकी तलाश करते हुए पुंदाग इलाके के उक्त निर्माणाधीन अपार्टमेंट पहुंचे, तो वहां जसीम का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला।
मृतक के पिता अजीम मंसूरी ने बताया कि उनके बेटे का किसी से कोई विवाद नहीं था। जसीम पेंटिंग का काम करता था और रोज की तरह काम पर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से चाकू के निशान, खून के धब्बे और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, ताकि हत्या की कड़ी को जोड़ा जा सके।
हटिया डीएसपी पीके मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि किसी आपसी विवाद के बाद पहले मारपीट की गई और फिर नाबालिग की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मृतक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है।
