रांची: राजधानी रांची के प्रतिष्ठित और राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में एक मां की गोद 12 घंटे में ही सूनी हो गयी। उसके नवजात को एक महिला लेकर नौ दो ग्यारह हो गयी। यह घटना गायनिक वार्ड सी-1 की है।
रांची के पिठोरिया की उर्मिला देवी नामक एक महिला ने मंगलवार की शाम में एक बच्ची को जन्म दिया। उर्मिला देवी से बुधवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे के करीब एक महिला मिलने आयी और उसके बच्ची को खेलाने लगी। थोड़ी ही देर में वह काफी अपनापन दिखाने लगी। इसी बीच उर्मिला देवी ने उक्त महिला से कहा कि नाश्ता करके आती हूं, तब तक वह बच्चे को संभाले। फिर जैसे ही उर्मिला नाश्ता करने निकली, उक्त महिला भी बच्चे को लेकर फरार हो गयी। इसकी सूचना करीब आठ बजे जब वार्ड में तैनात गार्ड को मिली, तो उसने घटना की जानकारी सुपरवाइजर को दी। उर्मिला ने बताया कि बच्ची को गायब करने वाली महिला सलवार सूट पहने हुए थी। उसके पैरों में मेहंदी लगी थी और वह नाटे कद की थी। रिम्स में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिला का फुटेज मिला है। इसकी सूचना बरियातू थाना को दे दी गयी है। बताते चलें कि रिम्स में इससे पहले भी बच्चा चोरी होने की घटनाएं घट चुकी हंै।
जांच का आदेश
रिम्स के निदेशक बीएल शेरवाल ने कहा कि घटना की जांच के आदेश अधीक्षक को दे दिया गया है। जल्द ही रिम्स प्रशासन किसी परिणाम पर पहुंचेगा।
कई सवालों के घेरे में बच्चे की मां
उर्मिला को पहले से चार बेटी है। वह बेहद गरीब परिवार से है। हालांकि बच्चा गायब होने के बाद से तरह-तरह के सवाल उठ रहे थे। कहीं बच्ची की मां ने खुद ही बच्चा तो नहीं दे दिया। कारण उस वक्त अस्पताल में उर्मिला की भतीजी देखभाल के लिए मौजूद थी। तब नाश्ता करने जाते वक्त उसे क्यों नहीं बच्ची को दिया। बच्चा नहीं भी दिया तो ताकीद क्यों नहीं की।