पाकुड़: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र की चार जनसभाओं में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जमकर हमले किये। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं। पिता का बना-बनाया राजनीतिक साम्राज्य उन्हें विरासत में मिला हैै। अपनी जिंदगी में उन्होंने कभी संघर्ष ही नहीं किया। सीएम ने कहा कि वे एक गरीब परिवार में जन्मे और अभावों के बीच संघर्ष कर राजनीति के इस मुकाम तक पहुंचे हैं। इसलिए वे जानते हैं कि गरीबी क्या होती है। जबकि हेमंत ने जिंदगी में कभी गरीबी देखी ही नहीं। इसलिए उन्हें विकास से कोई लेना-देना नहीं है। मुख्यमंत्री ने लिट्टीपाड़ा के खरौनी बाजार, गोपीकांदर, अमरापाड़ा प्रखंड के बोहड़ा और छोटा तालघाटी में चुनावी सभा को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू के पक्ष में वोट देने की जनता से अपील की।
झारखंड मुक्त हो गया है, अब झामुमो का कोई औचित्य नहीं
गोपीकांदर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड मुक्त हो गया है, अब झारखंड मुक्ति मोर्चा का कोई औचित्य नहीं रह गया है। ऐसे भी झामुमो माल बनाओ पार्टी हो गयी है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने महाजनी प्रथा के खिलाफ आंदोलन प्रारंभ किया, लेकिन हेमंत ने मुख्यमंत्री रहते हुए भी महाजनी प्रथा को खत्म नहीं किया। झामुमो ने दशकों से संथाल क्षेत्र का विकास नहीं किया। भाजपा ने दो वर्षों में संथाल के विकास का खांका खींच दिया है। आनेवाले दिनों में ये क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ जायेगा।
झामुमो ने किया कार्यकर्ताओं की विधवाओं का अपमान
मुख्यमंत्री ने कहा कि लिट्टीपाड़ा की जनता को झामुमो ने 40 साल तक बरगलाया है। आदिवासियों को वोटबैंक बना कर रखा। लिट्टीपाड़ा का विकास नहीं होने दिया। झामुमो एक परिवार विशेष की पार्टी है। इसके समर्पित कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान से झामुमो नेताओं कोई लेना देना नहीं है। स्व अनिल मुर्मू की पत्नी यूनिकि और सुनील महतो की विधवाओं को चुनाव में टिकट नहीं देकर झामुमो ने यह बात साबित कर दी है। जब अपने परिवार की बात आयी, तो झामुमो ने दुर्गा सोरेन की मौत के बाद उनकी पत्नी सीता सोरेन को टिकट दे दिया।
लिट्टीपाड़ा भाजपा की झोली में डालें, सरकार करेगी विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा किसी के साथ भेदभाव नहीं करती है। सबका साथ, सबका विकास पार्टी का नारा और सिद्धांत है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार करने की दिशा में भाजपा काम कर रहा है। सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना चाहती है। इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है। सवा दो साल के कार्यकाल में सरकार ने तेजी से झारखंड का विकास किया है। खुशहाली और समृद्धि दिखने लगी है। अगर लिट्टीपाड़ा में भाजपा की जीत हुई तो सालों से उपेक्षित इस विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदल जायेगी।