रांची: सूरज की तेज किरणों से झारखंड झुलसने लगा है। महीने के अंतिम सप्ताह में पड़ रही गर्मी ऐसा रौद्र रूप दिखा रही है कि लोगों को मार्च में ही मई का एहसास हो रहा है। झारखंड का सबसे गर्म शहर जमशेदपुर साबित हो रहा है। रांची, जमशेदपुर की तुलना में अब भी कम गर्म शहर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को रांची का दिन का तापमान 36 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं रात का तापमान 20.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। रांची में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर है। इससे गर्मी का एहसास ज्यादा हो रहा है। वहीं सोमवार को जमशेदपुर का दिन का पारा 40.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं रात का पारा 22.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। बढ़ती गर्मी के मामले में डाल्टनगंज जमशेदपुर से होड़ करता दिखा। विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में एक अपर एयर सायक्लोनिक सकुर्लेशन बना हुआ है। वहीं बिहार में भी एक अपर एयर सायक्लोनिक सरकुलेशन बना है। इससे मौसम में बदलाव आने के आसार बन रहे हैं।

शहर हीट आइलैंड इफेक्ट की चपेट में: नितीश प्रियदर्शी
पर्यावरणविद डॉ नीतिश प्रियदर्शी ने बताया कि रांची में पूर्व में गर्मी का मौसम 15 अप्रैल से शुरू होता था। पर वैश्विक जलवायु परिवर्तन, जंगलों की कटाई और तालाबों के भर दिये जाने के कारण रांची में गर्मी समय से पहले शुरू हो रही है। इसकी तल्खी भी ज्यादा है। शहर हीट आइलैंड इफेक्ट की चपेट में है। इससे भी गर्मी बढ़ रही है।
गर्मी बढ़ना स्वभाविक : ए वदूद
बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी ए वदूद ने बताया कि मार्च के अंतिम सप्ताह में गर्मी का बढ़ना स्वभाविक है। सूर्य के उत्तरायण होने के बाद से पृथ्वी लगातार सूर्य के नजदीक जा रही है। वहीं सूर्य की किरणें भी धरती पर लंबवत पड़ रही हैं इससे गर्मी बढ़ रही है। आनेवाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी और यह सिलसिला मई-जून तक चलेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version