संवाददाता
दुमका। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड नामधारी दल लोगों को गुमराह कर रहे हैं। निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए आदिवासी, दलित और पिछड़ा वर्ग के लोगों को बरगला कर उनका शोषण कर रहे हैं। राज्य को झारखंड नामधारी पार्टियों ने बर्बाद किया है। इनका उद्देश्य समाज का नहीं, बल्कि अपना विकास करना है। झारखंड में स्थानीय नीति का इस्तेमाल यहां के नेताओं ने सिर्फ वोट बैंक के लिए किया है। इन पार्टियों ने सिर्फ राज्य का विकास ही बाधित नहीं किया, बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ भी किया है।
झामुमो का अब कोई औचित्य नहीं : सीएम ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने झारखंड राज्य का निर्माण कर इस क्षेत्र के गरीब आदिवासी, दलित और पिछड़ों के विकास का मार्ग प्रशस्त किया। इसके बाद राज्य में अब झारखंड मुक्ति मोर्चा का कोई औचित्य नहीं रह गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संथाल परगना को झामुमो मुक्त की अपील की।