त्रिपोली: लीबिया तट के निकट भूमध्य सागर में रबड़ की दो नावों के डूबने से कम से कम 240 प्रवासी लोगों की मौत हो गई है। ये लोग नावों में सवार होकर संभवत: यूरोप जा रहे थे। यह जानकारी शुक्रवार को स्पेन की एक सहायता संगठन ने दी।

प्रोएक्टिवा ओपन आर्म्स नाम के एक सहायता दल ने कहा कि रबड़ की डूबी हुई नावों के निकट उसने पांच शव निकाल लिए हैं। सहायता दल के एक कर्मचारी ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त प्रत्येक नौका में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। बचाव कार्य में तालमेल स्थापित करने वाले इटली के तटरक्षक बल के एक प्रवक्ता ने भी पांच शव निकाले जाने की पुष्टि की है।

उल्लेखनीय है कि प्रवासियों से भरी नावों के डूबने की घटनाएं आम हैं, क्योंकि मानव तस्कर इनमें क्षमता से ज्यादा लोगों को बैठा देते हैं। गत साल नौका दुर्घटनाओं में पांच हजार प्रवासियों की मौत हो गई थी। वैसे इस साल लीबिया से इटली होकर यूरोप जाने वाले प्रवासियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है, क्योंकि तुर्की और ग्रीस के बीच मार्ग बंद कर दिए गए हैं। इटली के तटरक्षक बल ने कहा कि विगत कुछ सप्ताहों में उसने 40 से अधिक बचाव अभियान चलाए हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version