रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आज आंनद का दिन है। एक ओर वायु सेना के वीर कमांडर अभिनदंन की देश वापसी हो रही है, वहीं राज्य की युवतियों के स्वावलंबन के द्वार खुल रहें हैं। राज्य का संपूर्ण विकास झारखंड की महिलाओं और युवतियों के सहयोग के बिना नहीं किया जा सकता। यही वजह रही कि आज 360 युवतियों को हुनरमंद बनाने के लिए कौशल कॉलेज का उद्घाटन हो रहा है। दुबई में भी रोड शो के दौरान सोचा था कि क्या झारखंड में भी अत्याधुनिक सुविधा युक्त कौशल कॉलेज का निर्माण संभव होगा। आज वही सोची हुई बात हकीकत में तब्दील हुई और राज्य सरकार इस तरह के कौशल कॉलेज की स्थापना हो रही है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को नगरा टोली में राज्य सरकार और प्रेझा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नव निर्मित कौशल कॉलेज के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
प्रशिक्षित युवतियों का 100 फीसदी नियोजन: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों से अपील है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ दें। राज्य सरकार उन्हें 100 % नियोजित करेगी। कहा कि आज मानव संसाधन को हुनरमंद होना जरूरी है। सिर्फ डिग्री से रोजगार का सृजन पूर्णत: नहीं किया जा सकता।
युवतियों को झारखंड में ही काम: मुख्यमंत्री ने बताया कि रांची के चान्हो में नर्सिंग कॉलेज का संचालन सफलतापूर्वक हो रहा है। राज्य की बच्चियां दक्ष नर्स बन रहीं हैं। सरकार जल्द चाईबासा, सरायकेला, गुमला, साहेबगंज में नर्सिंग कॉलेज खोलेगी। इसके लिए स्वीकृति दे दी गयी है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त नर्स को हजारीबाग, दुमका और पलामू में शुरू किये गये मेडिकल कॉलेज एवं अन्य 5 जिलों में खुलने वाले 500 शैया वाले अस्पताल में नियोजित किया जायेगा।
एसटी-एससी और अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं के सपनों को लगेगा पंख: मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के एसटी-एससी और अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए कृतसंकल्पित हैं। इस अमूल्य मानव संसाधन को हुनरमंद बना उनके सपनों की पंख देना है। तोरपा के 69 युवाओं को दुबई में नौकरी मिली है।
इटखोरी में सबसे बड़ा बौद्ध स्तूप निर्माण में जापान सहयोग करे: मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजना है कि चतरा के इटखोरी में दुनिया के सबसे बड़े बौद्ध स्तूप का निर्माण किया जाये। मैं चीफ रिप्रेजेंटेटिव जेआइसीए इंडिया कतसुवो मत्तसुमोतो से आग्रह करता हूं कि जापान इस कार्य में झारखंड सरकार की मदद करे। क्योंकि इटखोरी से जापान का गहरा रिश्ता है।
स्किल इंडिया, स्किल झारखंड का निर्माण करना है: लुइस: कल्याण मंत्री डॉ लुइस मरांडी ने कहा कि यह कौशल कॉलेज में दो ट्रेड आर्ट आफ कुकिंग और मैन्यूफैक्चरिंग में युवतियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। कल्याण विभाग युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए 21 कल्याण गुरुकुल का संचालन कर रहा है। यहां के प्रशिक्षित बच्चे विदेशों में भी नौकरी कर रहें हैं। हम सब को मिल कर स्किल इंडिया, स्किल झारखण्ड का निर्माण करना है।
हर हाथ को मिल रहा काम: सीपी सिंह: मंत्री नगर विकास सीपी सिंह ने कहा कि सरकार रोजगार प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है। परंपरागत पढ़ाई के साथ अब हुनरमंद होना भी जरूरी है। युवाओं के समक्ष अवसर है अपने हुनर को निखारने का।