आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को रांची आयेंगे। वह रांची के मोरहाबादी मैदान में होने वाली परिवर्तन उलगुलान महारैली में झारखंड की जनता को संबोधित करेंगे। राहुल के इस दौरे को विपक्षी महागठबंधन के लिए अहम माना जा रहा है। कांग्रेसी इस रैली को सफल बनाने में जी जान से जुटे हैं। लंबे समय के बाद कांग्रेस की ओर से कोई ऐसा बड़ा आयोजन होने जा रहा है, जिससे झारखंड में पार्टी को संजीवनी मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है।

साथ ही, लोकसभा चुनावों में दमदार प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री बनने की आस लगाये राहुल गांधी के लिए भी यह किसी लांचिंग पैड से कम नहीं होगा। रैली में झामुमो, झाविमो, राजद आदि दलों के नेता भी दिखेंगे। कहा जा रहा है कि यह रैली झारखंड विपक्षी महागठबंधन की दशा और दिशा भी निर्धारित करेगी। इस रैली से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी झारखंड में विपक्षी महागठबंधन के लिए लोकसभा चुनाव 2019 का आगाज करेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version