रांची। महागठबंधन में शामिल दलों के बीच सीट शेयरिंग की घोषणा रविवार को की गयी। लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। आपसी सहमति के दौरान कांग्रेस 7 सीट, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 4 पर और झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) दो सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेंगे। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को एक सीट दी गयी है। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन (गुरुजी) की मौजूदगी में उनके मोरहाबादी आवास पर इसकी घोषणा की गयी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार, झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी, झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय और आलमगीर मौजूद रहे। प्रेसवार्ता में राजद का कोई भी नेता शामिल नहीं हुआ।

कौन कहां से चुनाव लड़ेगा
कांग्रेस- रांची, सिंहभूम, लोहरदगा, धनबाद, हजारीबाग, खूंटी, चतरा
झामुमो- दुमका, राजमहल, गिरिडीह, जमशेदपुर
झाविमो- कोडरमा, गोड्डा
राजद- पलामू

चुनाव को लेकर हुई थी बैठक
पार्टी कार्यालय में बैठक करने के बाद डॉ अजय कुमार ने कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और हेमंत सोरेन के साथ झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। इससे पहले झामुमो नेताओं के साथ हेमंत सोरेन ने भी अपने आवास पर बैठक की। 18 मार्च को झामुमो केंद्रीय समिति की बैठक के बाद पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष ने 24 मार्च को महागठबंधन के सीट शेयरिंग की घोषणा करने की बात कही थी। प्रत्याशियों की घोषणा महागठबंधन में शामिल दल बाद में अपने-अपने स्तर से करेंगे।

अब तक छह सीटों पर ही महागठबंधन के प्रत्याशियों के नाम तय
14 लोकसभा सीटों में महागठबंधन के दलों के बीच होने वाली सीट शेयरिंग में अब तक छह सीटों पर ही प्रत्याशियों के नाम तय हैं। इनमें झामुमो के खाते की दुमका सीट पर शिबू सोरेन, राजमहल से विजय हांसदा, कोडरमा से झाविमो के बाबूलाल मरांडी और गोड्डा से प्रदीप यादव के अलावा कांग्रेस के खाते की सिंहभूम सीट पर गीता कोड़ा और रांची से सुबोधकांत सहाय के नाम हैं। शेष आठ सीटों पर सीट शेयरिंग की घोषणा के बाद पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम तय करेंगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version