रांची. सुखदेव नगर थाना में पदस्थापित एक पुलिस पदाधिकारी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने बुधवार को 3 हजार रुपए घूस लेते गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार पुलिस पदाधिकारी का नाम मिथिलेश कुमार सिंह है और वे एएसआई के पद पर कार्यरत थे। एक केस को मैनेज करने के एवज में मिथिलेश कुमार सिंह पीड़ित पक्ष के लोगों से पिछले कुछ दिनों से लगातार पैसे की मांग कर रहे थे।

एएसआई व पीड़ित पक्ष के बीच 3 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। हालांकि, पीड़ित पक्ष के लोग पैसा देने के लिए तैयार नहीं थे। लेकिन मिथिलेश सिंह लगातार पैसे के लिए दबाव बना रहे थे। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने पूरी घटना की जानकारी एसीबी की टीम को दी।

इसके बाद तय योजना के अनुसार बरियातू थाना के पीछे मिथिलेश कुमार सिंह पीड़ित पक्ष से पैसा लेने के लिए पहुंचा था। जहां पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version