बीजिंग। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की तीसरी पारी में उनका पूरा मंत्रिमंडल बदला नजर आएगा। दस साल से प्रधानमंत्री का दायित्व संभाल रहे 67 वर्षीय ली केकियांग अब औपचारिक रूप से सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर 63 वर्षीय ली कियांग को चीन का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है।

चीन में इस समय सत्ता पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग की और मजबूती स्थापित करने का दौर चल रहा है। जिनपिंग तीसरी बार राष्ट्रपति का दायित्व संभाल चुके हैं। अब उन्होंने अपने प्रधानमंत्री को भी बदल दिया है। पिछले दस साल से प्रधानमंत्री का दायित्व संभाल रहे ली केकियांग रविवार को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। उनके बाद नए प्रधानमंत्री के रूप में ली कियांग की नियुक्ति हुई है। ली कियांग के साथ नई केंद्रीय कैबिनेट भी बनाई जाएगी। सोमवार से ली कियांग के नेतृत्व वाली नई केंद्रीय कैबिनेट कार्यभार संभालेगी।

ली केकियांग ने वर्ष 2013 में चीन के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। प्रधानमंत्री राज्य परिषद और केंद्रीय मंत्रिमंडल का नेतृत्व करते हैं। हालांकि उनके कार्यकाल में राष्ट्रपति जिनपिंग ने उनकी शक्तियों पर अंकुश लगाते हुए अपने कई सहयोगियों को उनके ऊपर महत्वपूर्ण पदों पर बिठा दिया था। अब ली कियांग के साथ चीन के पूरे कैबिनेट का पुनर्निर्माण किया जाएगा। ली कियांग राष्ट्रपति जिनपिंग के करीबी माने जाते हैं। उन्हें जिनपिंग के आंतरिक समूह में एक व्यापार-समर्थक राजनेता कहा जाता है। नई सात सदस्यीय स्थायी समिति में शी के बाद ली कियांग दूसरे स्थान पर हैं। वे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता थे और बाद में उपमंत्री के पद तक पहुंचे। वह जिनपिंग के साथ विदेश यात्राओं पर भी जाते रहे हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version