पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर जिले की सीहो गांव की रहने वाली जीविका दीदी बबीता गुप्ता को ‘स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान-2023 पुरस्कार’ से सम्मानित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने बधाई संदेश में कहा कि बबीता गुप्ता को यह पुरस्कार प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की श्रेणी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदान किया है। यह बिहार के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में स्वयं सहायता समूह काफी कम हुआ करते थे। सरकार ने विश्व बैंक से कर्ज लेकर राज्य में स्वयं सहायता समूह के गठन के लिए परियोजना शुरू की, जिसका नामकरण जीविका किया तथा इसके सदस्यों को जीविका दीदी कहा।

सीएम ने कहा कि जीविका के अन्तर्गत अब तक 10 लाख 45 हजार स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है, जिसमें एक करोड़ 30 लाख से अधिक जीविका दीदियां जुड़ चुकी हैं। समूह के कार्यों से जीविका दीदियों को रोजगार, आमदनी का जरिया एवं बचत को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे वे अच्छे से अपने परिवार का जीवन-यापन कर पा रही हैं। इससे अब महिलाओं जागृति आ रही है और वे स्वावलंबी बन रही हैं। सरकार जीविका दीदियों के विकास एवं उत्थान के लिए कटिबद्ध है ।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version