पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि नाखून कटा कर कांग्रेस शहीद हो रही है। राहुल गांधी ने अहंकार में न्यायालय का अपमान किया है। कांग्रेस नेता सत्याग्रह इसलिए कर हैं कि पिछड़ों को गाली देने का अधिकार मिले।
केंद्रीय मंत्री ने रविवार को यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सिख दंगा के सबसे बड़े दोषी जगदीश टाइटलर दिल्ली में सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहे हैं। गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बन गया है। यह राहुल गांधी को अखर रहा है। राहुल गांधी को सावरकर बनने में कई जन्म लग जाएंगे। इस सत्याग्रह से कांग्रेस किसकी सहानुभूति पाना चाहती है? क्या अतिपिछड़ों को गाली देने का सहानुभूति लेंगे या सिखों की हत्या करने का?
गिरिराज ने राहुल गांधी के ट्विटर बायो में Dis’Qualified MP लिखे जाने पर कहा कि ‘मोदी सरनेम’ में टिप्पणी किये जाने पर आपराधिक मानहानि के मामले में राहुल गांधी को दोषी ठहराया गया। इसके बाद संसद सदस्य के रूप में उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले राहुल ने खुद कहा था कि Unfortunately वे सांसद हैं। जब वो खुद ही बोल रहे हैं तो हम क्या बोलें।
राहुल गांधी के मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चुप्पी पर भी गिरिराज ने कहा कि नीतीश कुमार अपने पैर पर खुद कुल्हाड़ी नहीं मारेंगे। वह तो खुश हो रहे हैं कि राहुल के जाने के बाद प्रधानमंत्री के पद के लिए उनका मौका आएगा।