936 करोड़ की मिली मंजूरी
रांची। जमशेदपुर शहर में 936.26 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (नया 18) के कालीमंदिर-डिमना चौक-बालीगुमा खंड पर 10 किमी लंबे फोर लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दी गयी है। केंद्रीय सड़क राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने यह जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि नयी सड़क पर स्थानीय यातायात को अलग करने के लिए फोर लेन सिंगल एलिवेटेड सड़क के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गयी है, जिससे शहर में टैÑफिक जाम कम होगा और सड़कें सुरक्षित होंगी।
शहर की चमक जायेगी किस्मत
एनएचएआइ ने फोरलेन एलिवेटेड कारिडोर सड़क निर्माण की निविदा भी जारी कर दी है। 10 किलोमीटर लंबी इस फोरलेन कारिडोर की कुल लागत 690.05 करोड़ रुपये होगी। सांसद विद्युत वरण महतो ने इसकी पहल की थी। पूर्व में यह फोरलेन डबल डेकर सड़क बननी थी, किंतु इसकी लागत राशि 2000 करोड रुपये से अधिक होने के कारण इसकी स्वीकृति कैबिनेट से ली जानी थी। इसमें काफी समय लगने की संभावना थी।
ढाई साल में गुणवत्तापूर्ण सड़क का निर्माण
वर्तमान जरूरत को ध्यान में रखते हुए फिलहाल फोरलेन एलिवेटेड कारिडोर का निर्माण किया जायेगा। आने वाले समय में भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए इसका विस्तारीकरण किया जायेगा। आने वाले लगभग 50 वर्षों के लिए किसी भी प्रकार के जाम आदि से इस शहर को मुक्ति मिलेगी।
डबल डेकर पर लगा पूर्ण विराम
पारडीह से बालीगुमा तक पहले डबल डेकर एलिवेटेड कारिडोर में 2200 करोड़ की लागत आ रही थी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बिष्टुपुर स्थित गोपाल में डबल डेकर कारिडोर का ही शिलान्यास किया था। हालांकि बाद में जब सांसद ने नितिन गडकरी से मुलाकात की तो उन्होंने बताया कि डबल डेकर कारिडोर के निर्माण की लागत राशि बढ़कर 2200 करोड़ रुपये के आसपास आ रही है।
इस कारण से इसकी प्रक्रिया लंबी होगी। ऐसी स्थिति में बेहतर होगा कि इसे सिंगल डेकर एलिवेटेड कारिडोर बनाया जाये।