पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काे आज उनके 74वें जन्मदिन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बधाई दी है। अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में बिहार में एनडीए जन कल्याण और सुशासन का पर्याय बना है। आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना करता हूं।
उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दी है। योगी ने एक्स पर लिखा है-बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! माता जानकी से आपके समृद्ध, सुदीर्घ एवं आरोग्यमय जीवन की प्रार्थना है। योगी आदित्यनाथ के अलावा नितिन गडकरी, चिराग पासवान, दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन समेत कई नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शुभकामनाएं दी हैं।
बिहार विधानसभा में शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनके जन्मदिन पर अग्रिम बधाई दी गई। सदन के सदस्याें ने मेज थपथपा कर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को अपनी सीट से ही अभिवादन कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। नीतीश कुमार का जन्म 1 मार्च 1951 को बख्तियारपुर में हुआ था। उनके जन्मदिन के मौके पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। आम से लेकर खास सभी अपने नेता को जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं।