रांची। हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में 12 वर्षीय नाबालिग के साथ हुई वीभत्स घटना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बरकठा प्रखंड के कुशांबो गांव में मंगलवारी जुलूस के दौरान अपहृत बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद बेहद बर्बरता की गई। आदित्य साहु ने दावा किया कि पीड़िता की दोनों आंखें निकाल ली गईं, जीभ काट दी गई और दांत तोड़ दिए गए। उन्होंने इसे बेहद दर्दनाक और शर्मनाक घटना बताया।
भाजपा नेता ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के बाद सरकार की ओर से कोई संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची का शव चार दिनों तक प्लास्टिक में लिपटा रहा, लेकिन कोई सरकारी प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा। साहु ने बताया कि पीड़ित के पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते थे, जिन्हें भाजपा नेताओं ने हवाई जहाज का टिकट करवाकर घर बुलवाया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों पर ट्वीट करने वाले सीएम ने इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
आदित्य साहु ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिनों के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 2 तारीख को पूरे झारखंड के सभी प्रखंड और जिला मुख्यालयों पर भाजपा कार्यकर्ता मशाल जुलूस निकालेंगे। इसके बाद 3 तारीख को पूरे झारखंड में पूर्ण बंद रखा जाएगा। उन्होंने मांग की कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेने के लिए हाईकोर्ट का आभार भी जताया और कहा कि कोर्ट के हस्तक्षेप के कारण ही डीजीपी और संबंधित अधिकारियों को तलब किया गया है।

