रांची। झारखंड में जनगणना-2027 की प्रक्रिया धूमधाम से शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में खुद सेल्फ एन्यूमरेशन (स्व-गणना) करके इस अभियान को हरी झंडी दे दी। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
सीएम ने साफ कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने भर का काम नहीं है, बल्कि यह जननीति और योजनाओं को सही दिशा देने का सबसे मजबूत आधार है। सटीक आंकड़ों से ही जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाएं प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सकती हैं। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने सीएम को ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण की पूरी जानकारी दी। बताया गया कि स्व-गणना का पहला चरण 1 मई से 15 मई 2026 तक चलेगा। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण और गणना का काम होगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे।
सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्रीय भाषाओं के जानकार कर्मियों को भी जनगणना दल में शामिल किया जाए, ताकि आदिवासी, मूलवासी और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले हर वर्ग तक यह अभियान पहुंच सके। उन्होंने इसे तकनीक आधारित सराहनीय पहल बताते हुए सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की।
राज्यभर में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस मौके पर जनगणना निदेशालय के निदेशक प्रभात कुमार, उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, सहायक नगर आयुक्त राहुल यादव और कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
