रामगढ़। रामगढ़ जिले में कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने एक बार फिर अपना हौसला दिखाते हुए लेवी वसूली की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने पतरातू स्थित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य में लगी एक कंपनी को निशाना बनाया। रविवार की रात बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने कंपनी के बेस कैंप पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में तैनात सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल से पुलिस को बदमाशों द्वारा फेंका गया एक धमकी भरा पर्चा और गोली के खोखे बरामद हुए हैं। कंपनी के पदाधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी राहुल सिंह के नाम से इसी कंपनी को धमकी दी गई थी। मौके पर पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता सहित पुलिस बल ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

